

12 औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, 6 औषधि नमूने जांच के लिए भेजे गए रायपुर
धमतरी। कलेक्टर एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार राज्यव्यापी विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत जिले में नकली, अमानक एवं संदिग्ध औषधियों के विक्रय तथा अवैध आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त निरीक्षण दल धमतरी द्वारा लगातार जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है।अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मानक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा औषधि व्यवसाय में निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराना है,इस दौरान संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा जिले के कुल 12 औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया,राज्य में C&F, डिपो एवं सुपर स्टॉकिस्ट की उपलब्धता के बावजूद औषधि विक्रेताओं द्वारा राज्य के बाहर से खरीदी गई औषधियों के संबंध में विशेष सतर्कता बरतते हुए खरीदी-बिक्री के दस्तावेज, बिल-वाउचर, स्टॉक एवं अन्य अभिलेखों की जांच की जा रही है।साथ ही नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक औषधियों के क्रय-विक्रय, भंडारण, स्टॉक तथा संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की जा रही है।औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस सप्ताह कुल 6 औषधि नमूने संकलित किए गए सभी नमूनों को जांच एवं विश्लेषण के लिए औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।आम नागरिकों के हित में यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


