

महाविद्यालयों में छात्रों ने दिया नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने ली स्वस्थ समाज निर्माण की शपथ
धमतरी। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में चल रहे “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान की कड़ी का सौ सप्ताह के इस विशेष अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिले के सात महाविद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता कर नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया।बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद, शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी, शासकीय महाविद्यालय आमदी, छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा तथा यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में एक साथ आयोजित इन कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।वहीं 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन संबंधित महाविद्यालयों में पदस्थ मेरा युवा भारत प्रभारी प्राध्यापकों तथा कैंपस एम्बेसडरों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ने भी युवाओं को नशे से दूरी बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश के भविष्य की धुरी है और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है,इस अभियान का मूल उद्देश्य युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हुए उन्हें नशामुक्ति के संदेशवाहक के रूप में तैयार करना है।


