

मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ, पिच पर उतरे तो लगाए दमदार शॉट
खेल और संस्कृति से भी तय होती है शहर की तरक्की, युवाओं को मिलें बेहतर अवसर – मंत्री चौधरी
धमतरी। शहर के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में धमतरी ने एक और उपलब्धि हासिल की है। जालमपुर वार्ड में नवनिर्मित दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का शुभारंभ आज छत्तीसगढ़ शासन के वित्त,मंत्री ओपी चौधरी ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर मैदान की पिच पर स्वयं बल्ला थामकर बल्लेबाजी की और आकर्षक शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा बालिंग का भार महापौर नगर निगम ने संभाला।चौधरी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल भवनों, सड़कों और अधोसंरचना से नहीं होती, बल्कि वहां उपलब्ध खेल, संस्कृति और युवा विकास की सुविधाएं भी उसकी प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होती हैं,आज का युवा यदि खेल मैदान से जुड़ता है तो वह अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे गुण भी विकसित करता है।नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा,राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें,इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर मंच मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान चौधरी ने बल्लेबाजी की और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का आह्वान किया,उनके बल्लेबाजी करते ही पूरा मैदान उत्साह और रोमांच से गूंज उठा।वहीं कलेक्टर ने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से लगातार कार्य कर रहे हैं।बताया कि युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का विकास किया जा रहा है तथा आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा।


