

जनसुरक्षा सर्वोपरि – भारी वर्षा के बीच संभाली कमान
धमतरी। जिले तथा आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।कई निचले इलाकों, रपटों, छोटे पुलों एवं पुलियों के ऊपर पानी आ जाने से कुछ मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है,इसी क्रम में कलेक्टर एवं एसपी ने रुद्री बैराज तथा कुकरैल क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर जलभराव और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों ने संबंधित विभागों से मौके की अद्यतन जानकारी प्राप्त की और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।इस दौरान कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नगरी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा जहां भी रपटों, पुलों एवं पुलियों के ऊपर पानी बह रहा हो, वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।वहीं नगर सेना एवं राजस्व अमले को संवेदनशील और चिन्हांकित स्थलों पर तैनात रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में लोगों को उफनते नदी-नालों, रपटों या पुल-पुलियों को पार करने की अनुमति न दी जाए एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार मुनादी, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लोगों को सतर्क करने तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।


