

नेशनल लाइवस्टॉक मिशन से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना, आधुनिक बकरी पालन से समृद्धि की नई राह”
20 लाख रुपये की इकाई पर 50 प्रतिशत अनुदान, उन्नत नस्ल और वैज्ञानिक पशुपालन से बढ़ेगी आय, आसपास के पशुपालकों को भी मिलेगा लाभ।
धमतरी। कृषि के साथ पशुपालन को आय का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की नेशनल लाइवस्टॉक मिशन (National Livestock Mission) योजना जिले के पशुपालकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है।इस योजना अंतर्गत 3 बकरी पालन इकाइयों एवं 2 मुर्गी पालन इकाइयों को स्वीकृति प्रदान की गई है,इनमें ग्राम भटगांव निवासी प्रगतिशील पशुपालक अश्वनी ध्रुव की बकरी पालन इकाई ग्रामीण स्वरोजगार और वैज्ञानिक पशुपालन का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है।
अश्वनी ध्रुव द्वारा ग्राम विश्रामपुर में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बकरी पालन इकाई स्थापित की गई है, इस इकाई के लिए उन्होंने 100 उन्नत नस्ल की बकरियों एवं 5 बकरों का क्रय किया है।योजना के प्रावधानों के अनुसार पशुधन का बीमा अनिवार्य है,इसी के तहत पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. अवधेश कुमार मरकाम,के उपस्थित में सभी बकरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनका बीमा कराया गया,बकरियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा टैगिंग भी की गई,वहीं पशुपालक को बकरी पालन के वैज्ञानिक प्रबंधन, संतुलित पोषण, टीकाकरण, रोग नियंत्रण, प्रजनन प्रबंधन तथा स्वच्छ पशुशाला संचालन संबंधी विस्तृत तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया,साथ ही आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभागीय सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया।इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इकाई में उपलब्ध उन्नत नस्ल के बकरों से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को भी नस्ल सुधार का लाभ मिलेगा,इससे स्थानीय बकरियों की उत्पादकता बढ़ेगी, बच्चों की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा पशुपालकों की आय में दीर्घकालिक वृद्धि सुनिश्चित होगी, यह पहल क्षेत्र में वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं और किसानों को स्वरोजगार की दिशा में भी प्रेरित करेगी।

