धमतरी पुलिस की संवेदनशील पहल, बेसहारा एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया गया

न्यायालयीन आदेश के बाद कराया गया उच्च स्तरीय उपचार हेतु भर्ती

धमतरी। 16 जुलाई की रात्रि में ग्राम चिवरी में लगभग 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध महिला मानसिक रूप से विचलित अवस्था में भटकती हुई मिली। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना डायल-112 को दी गई, जिस पर डायल-112 की टीम एवं चौकी बिरेझर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर चौकी बिरेझर लाई।महिला से नाम एवं पता पूछने का प्रयास किया गया, किन्तु मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कोई जानकारी देने में असमर्थ रही,इसके बाद पुलिस द्वारा महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जिला चिकित्सालय धमतरी ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों द्वारा उच्च स्तरीय मानसिक उपचार की आवश्यकता बताए जाने पर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई।चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया, चिकित्सकीय रिपोर्ट एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर न्यायालय द्वारा महिला को राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में उपचार हेतु भर्ती कराने के आदेश पारित किए गए,जिस पर चौकी बिरेझर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एवं महिला आरक्षक ललेश्वरी गावड़े के संरक्षण में उक्त महिला को सुरक्षित रूप से राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी, बिलासपुर पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार प्रारंभ कराया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *