उर्वरकों की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई

निरीक्षण दल की छापेमार कार्रवाई में 120 बोरी यूरिया जब्त, एक लाइसेंस निरस्त, कई विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी

धमतरी। खरीफ मौसम में किसानों को समय पर खाद-उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा 1 जुलाई से 31 अगस्त तक जिलेभर में “उर्वरक विक्रय सतर्कता अभियान” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत क्षेत्रीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, टैगिंग, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, बिना पॉस मशीन के विक्रय तथा अन्य अनियमितताओं पर सतत निगरानी रखेंगे,किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इसी क्रम में उप संचालक कृषि, के निर्देशानुसार अनुविभागीय कृषि अधिकारी धमतरी एवं विकासखण्ड स्तर पर नियुक्त निरीक्षण दलों ने विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मेसर्स वर्षा कृषि केन्द्र, भानपुरी में अवैध रूप से 120 बोरी यूरिया उर्वरक का भण्डारण पाया गया,जिस पर उर्वरक निरीक्षक द्वारा तत्काल उक्त उर्वरक को जब्त कर उसके विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है,मामले की जानकारी कलेक्टर को उपलब्ध करा दी गई है तथा उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।निरीक्षण में यह भी पाया गया कि मेसर्स अशोक ट्रेडर्स द्वारा प्राप्त उर्वरक लाइसेंस के बावजूद विगत दो वर्षों से उर्वरक व्यवसाय का संचालन नहीं किया जा रहा था। इसे उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है,साथ ही हनुमान कृषि केन्द्र (खरेंगा), उपकार ट्रेडर्स (कण्डेल), पवन ट्रेडर्स (कण्डेल) तथा अंजनेय कृषि केन्द्र (झिरिया) में निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त जवाब के परीक्षण के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वही जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सहकारी समितियों एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें तथा प्रत्येक खरीद पर रसीद अवश्य प्राप्त करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *