सियादेही में तैयार हुआ ‘लइका घर’: बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव

एक ही परिसर में लइका घर, आंगनबाड़ी और विद्यालय की सुविधा; बच्चों के समग्र विकास एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा की अभिनव पहल,

धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सियादेही में एक आकर्षक, बाल-अनुकूल और सुविधासंपन्न ‘लइका घर’ विकसित किया गया है। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण बच्चों के सपनों, संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
लइका घर को बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यहां बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक और मानसिक विकास के लिए ज्ञानवर्धक एवं स्वास्थ्यवर्धक खेल-खिलौनों की व्यवस्था की गई है।यह वातावरण बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की स्वाभाविक रुचि को बढ़ावा देता है।इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता इसका एकीकृत शैक्षणिक मॉडल है,जहां एक ही परिसर में लइका घर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। कलेक्टर के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत 7 माह से 3 वर्ष तक के बच्चे लइका घर में प्रारंभिक देखभाल एवं विकासात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे,इसके बाद 3 से 6 वर्ष तक वे आंगनबाड़ी में पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और पोषण सेवाओं का लाभ प्राप्त करेंगे तथा आगे चलकर उसी परिसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय में नियमित शिक्षा ग्रहण करेंगे,इसके बाद समीप स्थित माध्यमिक विद्यालय में अध्ययन जारी रखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।यह मॉडल बच्चों की शिक्षा यात्रा को निरंतर और सहज बनाने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। इससे बच्चों और अभिभावकों को बार-बार नए संस्थानों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ने के साथ-साथ शाला त्याग (ड्रॉपआउट) की समस्या में भी कमी आने की संभावना है,कलेक्टर का मानना है कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में प्राप्त अनुभव जीवनभर व्यक्ति के विकास को प्रभावित करते हैं। उनके अनुसार, “लइका घर केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और समुचित अवसर प्राप्त हो सकें।


Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *