खाद वितरण व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी निगरानी, किसानों को समय पर उपलब्ध होगा उर्वरक – कलेक्टर

जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण, कालाबाजारी रोकने विशेष निगरानी दल सक्रिय

धमतरी। आगामी खरीफ सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यापक एवं सुव्यवस्थित तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर ने कहा कि कृषि जिले की अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और किसानों की सुविधा एवं हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने, पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।वहीं प्रशासन ने सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है। वर्तमान में जिले की 96 सहकारी समितियों में 7,313 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है, जबकि सहकारी एवं निजी क्षेत्र में कुल 28,241 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों के वितरण हेतु उपलब्ध है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यूरिया, डीएपी सहित अन्य आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक जिले में मौजूद है तथा किसानों की मांग के अनुरूप निरंतर आपूर्ति की जा रही है।जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खाद-बीज वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए,तथा सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उर्वरकों एवं बीज की कालाबाजारी, जमाखोरी तथा नकली उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर विशेष जांच दल (उड़नदस्ता) गठित किए गए हैं, जो सतत निरीक्षण कर रहे हैं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *