ग्राम खरेंगा में अवैध रेत उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई

5 ट्रैक्टर वाहन जप्त, खनिज नियमों के तहत की जा रही कार्रवाई

धमतरी। ग्राम खरेंगा,स्थित महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायत प्राप्त होने पर प्रशासन द्वारा त्वरित संयुक्त कार्रवाई की गई।खनिज अमला धमतरी को सूचना प्राप्त हुई थी कि महानदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के दौरान पूर्व में दफन किए गए कंकाल बाहर निकल आए हैं।जिसके शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग, राजस्व अमला एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जांच की गई।जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 5 ट्रैक्टर वाहनों को जप्त किया गया एवं संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण रखा जायेगा।वहीं क्षेत्र के खनि निरीक्षक को लापरवाही के चलते शो काज नोटिस जारी किया गया है तथा संबंधित फ़र्म का गौण खनिज साधारण रेत भण्डारण अनुज्ञा स्वीकृति को भी निरस्त कर दिया गया है,कुछ रेत खदानों का सीमांकन भी किया जा रहा है।तथा कलेक्टर ने ग्रामीणों की भावनाओं एवं सामाजिक संवेदनशीलता का सम्मान करते हुए रेत उत्खनन से बाहर आए कंकाल को पुनः सुरक्षित रूप से दफनाने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा कराई गई।वहीं नागरिकों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध खनिज गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *