

प्रशासन ने बढ़ाई खाद की उपलब्धता, कालाबाजारी पर रहेगी सख्त नजर
धमतरी। खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है,अब किसानों को खाद वितरण के लिए टोकन व्यवस्था की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा,प्रशासन द्वारा उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए वितरण व्यवस्था को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है।कृषि विभाग ने बताया कि जिले की 96 सहकारी समितियों में कुल 37 हजार 238 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है तथा वितरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है एवं किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है और कृषि विभाग की टीम द्वारा निजी विक्रेताओं एवं खाद दुकानों का नियमित निरीक्षण कर अनियमितता, कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस नई व्यवस्था के तहत किसानों को प्रति एकड़ के आधार पर संतुलित मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाएगा।वहीं छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए सभी किसानों को निर्धारित कोटा उपलब्ध कराया जाएगा,जानकारी के अनुसार 2.50 एकड़ तक भूमि रखने वाले किसानों को दो किस्तों में खाद उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि इससे अधिक रकबा वाले किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार उर्वरक वितरित किया जाएगा एवं कृषि विभाग ने किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की अपील करते हुए कहा है कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाना आवश्यक है। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सीधे कृषि विभाग कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है।


