

आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारियों की क्षमता वृद्धि पर जोर
धमतरी। जिला में प्रथम बार एजुकेशन फाउंडेशन तथा आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम “फ्यूचर-रेडी फैसिलिटेशन स्किल्स” का आयोजन कुरूद स्थित PACE सेंटर में किया गया।जिसमें जिले के सभी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षण अधिकारियों एवं प्राचार्यों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षकों की क्षमताओं को सुदृढ़ करना तथा प्रशिक्षण पद्धतियों को अधिक प्रभावी, नवाचारपूर्ण और परिणाममुखी बनाना था।इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रशिक्षार्थियों के साथ प्रभावी बातचीत और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई।कार्यशाला में प्रमुख रूप से लर्नर एंगेजमेंट, उद्योग की अपेक्षाओं की समझ, सीखने की खाई को पाटने के उपाय, डिजिटल एवं एआई आधारित टूल्स का उपयोग, तथा कम्पीटेंसी-आधारित प्रशिक्षण पद्धतियों जैसे विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए।इन सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण प्रक्रिया को अधिक सहभागी, तकनीक-समर्थ और परिणामोन्मुख बनाने के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया गया।कार्यक्रम में कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही कंटेंट डेवलपमेंट टीम से महेंद्र मरकाम तथा राज्य स्तरीय टीम के विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।जिससे युवाओं को बेहतर कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार कर सके।


