
20 करोड़ की लागत से विकसित होगा धार्मिक-पर्यटन केंद्र
ग्रीन कॉरिडोर, बोटिंग और आधुनिक सुविधाओं से बढ़ेगा आकर्षण
धमतरी। जिले के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र रुद्रेश्वर मंदिर परिसर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कलेक्टर ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, कला मंच और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।कलेक्टर ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना का त्रि-आयामी (3-डी) मॉडल भी तैयार कराया गया है। इसके अंतर्गत तीन मंजिला धर्मशाला, भोजन कक्ष, भोजनशाला, सभागार, गार्डन, स्वागत गेट और अन्य यात्री सुविधाओं का सुव्यवस्थित विकास किया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।अधिकारियों को निर्देशित किया कि रुद्रेश्वर घाट एवं मंदिर परिसर के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें तथा जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।


