

पर्यटन विकास कार्यों की प्रगति देखी, प्रकृति संरक्षण को दी प्राथमिकता
धमतरी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप जिले के प्रसिद्ध पंडित रविशंकर जलाशय,स्थित पर्यटन स्थल ठेमली आईलैंड बोट से पहुंचे।तथा यहां संचालित पर्यटन विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि ठेमली आईलैंड प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल है, जिसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करते समय पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।निर्माण कार्यों में स्थानीय प्राकृतिक स्वरूप को यथावत रखते हुए पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएं।जिस पर कलेक्टर ने मंत्री को पर्यटन विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पाथवे निर्माण, व्यू प्वाइंट, वॉच टॉवर सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।इन कार्यों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।वहीं वनमण्डलाधिकारी ने संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना में प्रकृति पर्यटन (ईको-टूरिज्म) की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की गई हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।


