
यातायात, ध्वनि एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के विशेष निर्देश
लगभग 300 से अधिक पुलिस बल, 33 चारपहिया पेट्रोलिंग,15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, 2 क्यूआरटी टीम एवं 23 फिक्स पिकेट सहित रिजर्व बल तैनात
धमतरी। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष 2 मार्च को होलिका दहन एवं 4 को रंग-गुलाल (धुलेंडी) का पर्व मनाया जाएगा।इन त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आज से सायं 4 बजे से आगामी आदेश तक विशेष पुलिस प्रबंध लागू किया गया है।एसपी के सतत मॉनिटरिंग में संपूर्ण व्यवस्था संचालित की जा रही है तथा संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।शहर में होलिका दहन के छोटी बड़ी मिलाकर लगभग 100- 110 जगहोंं पर होली जलाई जायेगी।जिसके लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है।संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों में सतत पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है।नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी पेट्रोलिंग पार्टियों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी तथा जिला विशेष शाखा एवं साइबर टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले संदेशों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। होटल, लॉज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गेस्ट हाउस आदि स्थानों पर चेकिंग की जा रही है।अवैध शराब बिक्री, हुड़दंग, छेड़छाड़, मारपीट, चाकूबाजी एवं जबरन रंग डालने पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।लाउडस्पीकर द्वारा नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं। धमतरी पुलिस पूर्ण मुस्तैदी, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी पर तैनात है।त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


