

धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, अवैध गतिविधियों पर रोक एवं निगरानी तंत्र मजबूत किया जाए – हिन्दू जागरण मंच धमतरी
धमतरी। जिले में धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के सख्त क्रियान्वयन को लेकर हिन्दू जागरण मंच ने पहल करते हुए जिलाधीश महोदय को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।मंच के जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को अवगत कराया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं, जो सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं।यदि समय रहते इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका व्यापक सामाजिक प्रभाव पड़ सकता है।मांग की गई कि छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए अवैध धर्म परिवर्तन की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बिना अनुमति संचालित प्रार्थना सभाओं एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की भी आवश्यकता जताई गई ।मंच ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि इस दिशा में एक सुदृढ़ निगरानी तंत्र विकसित किया जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि कानून का उद्देश्य सभी नागरिकों को अपनी आस्था के अनुसार धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता देना है, लेकिन किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या धोखाधड़ी के माध्यम से धर्म परिवर्तन करना कानूनन अपराध है।अतः प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।


