बारिश थमी, सुरक्षित पेयजल की निगरानी जारी

स्रोत से घर तक जल गुणवत्ता की पहरेदारी; जांच, क्लोरीनेशन और टंकियों की सफाई पर जोर

धमतरी। मानसून के अंतिम दौर में बारिश के बाद पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल स्रोतों की जांच, आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन, जल टंकियों की सफाई और नियमित गुणवत्ता परीक्षण किया जा रहा है।जिले में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था के तहत 9,981 हैंडपंप, 16,024 पेयजल स्रोत और 548 जल टंकियां उपलब्ध हैं।वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी के डिसइंफेक्शन के लिए 529 क्लोरिनेटर मशीनें, 718 नल-जल योजनाएं और 2 समूह जल प्रदाय योजनाएं संचालित हैं।

3,110 जल बहिनियां कर रहीं निगरानी

ग्राम स्तर पर पेयजल गुणवत्ता की प्राथमिक जांच में 3,110 जल बहिनियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जिले के 623 ग्रामों में पांच-पांच जल बहिनियों को Field Test Kit (FTK) से जल परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया है।मानसून विशेष अभियान के तहत कुरूद, मगरलोड, धमतरी और नगरी विकासखंड से प्रत्येक सप्ताह 30-30 घरेलू जल नमूने लिए जा रहे हैं। इस तरह हर सप्ताह 120 घरेलू जल नमूनों और 15 जल टंकियों की निगरानी की जा रही है तथा गुणवत्ता में समस्या मिलने पर संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक जांच और सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है।

नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पानी के रंग, गंध या स्वाद में असामान्य बदलाव होने पर ग्राम पंचायत अथवा संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *