
सतत कृषि की दिशा में प्रशासन की पहल
धमतरी। जिले में भूमि एवं जल संरक्षण के साथ किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से जिला प्रशासन, कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहनी, तिलहनी, लघु धान्य एवं मक्का जैसी कम जल वाली फसलों की खेती हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है।जिले में कुल 1,58,180 कृषक हैं, जो कृषि व्यवस्था की रीढ़ हैं। सिंचाई का मुख्य साधन नहरें हैं, किन्तु नलकूपों से भी उपयोग किया जाता है।इससे जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा किसानों के बीच जल संरक्षण को बढ़ावा देने एवं फसल चक्र परिवर्तन को अपनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमलों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक विकासखंड के कम से कम 10 गांवों में शत-प्रतिशत फसल चक्र परिवर्तन सुनिश्चित किया जाए।धान के स्थान पर दलहनी, तिलहनी व मक्का फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।तथा गांव-गांव में जागरूकता शिविर, ऋण एवं बीज वितरण शिविर आयोजित करने कहा गया है, ताकि किसान योजनाओं का लाभ उठा सकें।


