

सब्जी उत्पादन, बकरी पालन और बुनकर गतिविधियों का किया निरीक्षण, महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर
धमतरी। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने धमतरी विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्रामीण आजीविका गतिविधियों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए पंचायतों में पहुंचे सीईओ जिला पंचायत
ग्राम पंचायत रत्नाबांधा में उत्पादक समूह की देशी खेती गतिविधियों का अवलोकन किया और इस पहल को अन्य पंचायतों में भी विस्तार देने पर जोर दिया। ग्राम पंचायत पोटियाडीह में स्व-सहायता समूह द्वारा आईएफसी ऋण से किए जा रहे सब्जी उत्पादन का निरीक्षण कर ड्रिप इरिगेशन सुविधा और नर्सरी शेड निर्माण के लिए संबंधित विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
महिलाओं के कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
साथ ही बुनकर गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को स्त्री कौशल परियोजना के तहत कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को कहा।
बकरी पालन और बुनकर गतिविधियों को मिलेगा प्रोत्साहन
ग्राम पंचायत भटगांव में बकरी पालन परियोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित संस्था को दिसंबर 2026 तक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
योजनाओं के अभिसरण से रुद्री में विकसित होगा प्रशिक्षण संस्थान
ग्राम पंचायत रुद्री में प्रस्तावित महतारी सदन के स्थल का निरीक्षण कर वीबी-जी रामजी एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अभिसरण से प्रशिक्षण संस्थान विकसित करने के लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा।
निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
सीईओ नाहटा ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के समन्वय से आजीविका गतिविधियों को प्रभावी बनाने और स्वीकृत एवं प्रस्तावित विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत वर्षा रानी सहित जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित थे।

