निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, धमतरी के 7 हितग्राहियों का होगा चयन

सीपेट रायपुर में 480 घंटे का निःशुल्क प्रशिक्षण, प्लास्टिक उद्योग में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार पाने का मिलेगा अवसर

धमतरी। निर्माण श्रमिकों के बच्चों एवं उनके आश्रितों को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पहल की है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत धमतरी जिले के 7 पात्र हितग्राहियों का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा।

रायपुर के सीपेट संस्थान में 80 दिनों का होगा प्रशिक्षण

योजना के तहत चयनित युवाओं को असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक प्रोसेसिंग टेक) का प्रशिक्षण रायपुर स्थित केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET) में दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि 480 घंटे यानी लगभग 80 दिन होगी। यह पाठ्यक्रम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन NCVET से अनुमोदित है।

ये हैं पात्रता की शर्तें

आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो और उसके माता-पिता में से संबंधित निर्माण श्रमिक का मंडल में कम से कम तीन वर्ष से पंजीयन होना चाहिए। आवेदक पंजीकृत निर्माण श्रमिक का पात्र आश्रित होना अनिवार्य है।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक एवं पात्र युवा श्रम विभाग के पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला श्रम कार्यालय, धमतरी में संपर्क किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के बाद प्लास्टिक उद्योग में रोजगार पाने का मिलेगा अवसर

जिला श्रम पदाधिकारी के अनुसार प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को प्लास्टिक उद्योगों में मशीन ऑपरेटर के रूप में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इससे श्रमिक परिवारों के युवाओं को रोजगार से जुड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *