धमतरी में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने तीन दिवसीय बूटकैंप शुरू

‘आइडिया टू वेंचर-रेडी पिच’ के तहत युवाओं को मिलेगा उद्यमिता का प्रशिक्षण, शीर्ष 25 स्टार्टअप्स को तीन माह तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

धमतरी। युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजन के लिए प्रेरित करने जिला प्रशासन एवं वाधवानी फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर लाइवलीहुड कॉलेज में तीन दिवसीय उद्यमिता बूटकैंप का शुभारंभ हुआ। ‘फ्रॉम आइडिया टू वेंचर-रेडी पिच’ विषय पर आयोजित इस प्रशिक्षण में महाविद्यालयीन विद्यार्थी और नवोदित उद्यमी अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के गुर सीख रहे हैं।

युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने पर जोर

उद्घाटन सत्र में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि जिज्ञासा और सीखने की ललक उद्यमिता की पहली सीढ़ी है,ऐसे आयोजन युवाओं को नौकरी मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

शीर्ष 25 स्टार्टअप्स को तीन माह तक मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

मुख्य अतिथि बिजनेसगढ़ के संस्थापक डोमेंद्र गंजीर ने अपने उद्यमिता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्टार्टअप शुरू करने के लिए बड़े संसाधनों से अधिक बेहतर विचार और मजबूत इच्छाशक्ति जरूरी है। वहीं मुख्यमंत्री सुशासन फेलो प्रियांश पांडे ने बताया कि यह ‘स्टार्टअप धमतरी’ कार्ययोजना का शुरुआती चरण है। बूटकैंप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 25 स्टार्टअप्स का चयन कर उन्हें अगले तीन माह तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे अपने विचारों को व्यावसायिक उद्यम में बदल सकें।

बेहतर आइडिया को व्यवसाय में बदलने का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण,स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल

वाधवानी फाउंडेशन की शिवानी वार्ष्णेय ने प्रतिभागियों को डिजाइन थिंकिंग, समस्याओं की पहचान, ग्राहकों की जरूरतों को समझने और व्यावसायिक विचारों की उपयोगिता परखने का प्रशिक्षण दिया। दूसरे दिन आइडिया जनरेशन, प्रतिस्पर्धा मैपिंग, प्रोटोटाइप और एमवीपी निर्माण पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा एवं सहायक संचालक शैलेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *