
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होगा पुनरीक्षण, प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को
धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही नाम विलोपन एवं आवश्यक संशोधन के लिए 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
बीएलओ के माध्यम से होगी नाम जोड़ने और विलोपन की प्रक्रिया
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को किया जा चुका है। पुनरीक्षण की प्रक्रिया 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित की जा रही है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं अभिहित अधिकारी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, अपात्र नामों के विलोपन तथा त्रुटियों में सुधार की कार्रवाई करेंगे।जिला निर्वाचन कार्यालय ने नगर निगम, जिला पंचायत, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मुनादी सहित विभिन्न माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन की अपील—मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय-सीमा में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर आवश्यक सुधार कराएं।
महत्वपूर्ण तिथियां
- प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन : 12 नवंबर 2026
- दावा-आपत्ति एवं संशोधन : 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026
- अर्हता तिथि : 1 जनवरी 2027

