
पांच एकड़ में करते हैं खेती, इस खरीफ सीजन में 48 क्विंटल धान का किया विक्रय; रबी में चने की खेती से बढ़ा रहे आमदनी
धमतरी। खेती-किसानी से होने वाली आमदनी और शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इसका उदाहरण भटगांव निवासी किसान ग्वाल राम साहू हैं, जो खेती से होने वाली आय के सहारे अपने बच्चों का भविष्य संवारने और खुद का घर बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
समर्थन मूल्य पर 48 क्विंटल धान का किया विक्रय
ग्वाल राम साहू के पास लगभग पांच एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने चालू खरीफ विपणन वर्ष में 48 क्विंटल धान का समर्थन मूल्य पर विक्रय किया। उनका कहना है कि ऑनलाइन टोकन और उपार्जन केंद्र में उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक कांटा, बारदाना, पेयजल, बैठने एवं अन्य सुविधाओं से धान बेचने की प्रक्रिया आसान रही। शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।
सरकारी योजनाओं से मिल रहा आर्थिक संबल
ग्वाल राम के परिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना और राशन कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता से भी उन्हें कृषि कार्यों में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
रबी में चने की खेती से बढ़ा रहे आमदनी
ग्वाल राम ने अपने खेत में सिंचाई के लिए बोर लगवाया है। वे खरीफ में धान के साथ रबी मौसम में चने की खेती भी करते हैं, जिससे सालभर कृषि भूमि का बेहतर उपयोग कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकें।
बच्चों के भविष्य के लिए खरीदी जमीन, घर बनाने की तैयारी
खेती से होने वाली आमदनी का उपयोग वे परिवार की जरूरतों के साथ भविष्य की योजनाओं के लिए भी कर रहे हैं। बच्चों की शादी और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गांव में 30 डिसमिल जमीन खरीदी है,इस जमीन पर अपना घर बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय के प्रति किया आभार व्यक्त
ग्वाल राम साहू का कहना है कि खेती से मिलने वाली आय और शासन की योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उन्हें बचत करने और परिवार के भविष्य की योजनाएं पूरी करने का भरोसा दिया है। उन्होंने किसान हितैषी योजनाओं एवं धान खरीदी की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया।ग्वाल राम की कहानी बताती है कि खेती का उचित मूल्य और शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से किसान परिवार अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य और अपने आशियाने का सपना भी साकार कर सकते हैं।

