
बारिश में छत टपकने और मकान की मरम्मत की चिंता से मिली मुक्ति, सुरक्षित आवास से परिवार के जीवन में आई खुशहाली
धमतरी। पक्का मकान हर परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार होता है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों के इसी सपने को साकार कर रही है। नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकरेल की निवासी सेवती बाई के परिवार की जिंदगी में आया बदलाव इसका उदाहरण है।
नगरी विकासखंड के ग्राम कुकरेल की सेवती बाई बनीं योजना की लाभार्थी
सेवती बाई और उनके पति रघुवर का परिवार मेहनत-मजदूरी एवं खेती-किसानी से जीवनयापन करता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए मुश्किल था।उनका पुराना घर मिट्टी की दीवारों और खपरैल की छत से बना था,बारिश में छत से पानी टपकता था और दीवारें कमजोर होने के कारण परिवार को हमेशा चिंता बनी रहती थी। हर साल मकान की मरम्मत में भी काफी खर्च करना पड़ता था।
शासन की योजना से ग्रामीण परिवारों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की जानकारी मिलने पर सेवती बाई ने आवेदन किया और पात्रता के आधार पर योजना का लाभ मिलने से उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई और पति के सहयोग से पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ।
कच्चे मकान की परेशानियों से मिली मुक्ति, परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना
आज उनका परिवार सुरक्षित और मजबूत पक्के मकान में रह रहा है। बारिश में छत टपकने और मकान की मरम्मत की चिंता से मुक्ति मिलने के साथ ही बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण भी मिला है।सेवती बाई कहती हैं कि पक्का मकान उनके परिवार के लिए केवल आशियाना नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिला सुख, सुरक्षा और सम्मान है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।सेवती बाई की कहानी बताती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में खुशहाली और आत्मविश्वास भी ला रही है।

