

अब जिले में 100 के बजाय 108 केंद्रों पर होगी धान खरीदी, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
धमतरी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इनमें भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी शामिल हैं।इनके शुरू होने से जिले में धान खरीदी केंद्रों की संख्या 100 से बढ़कर 108 हो गई है।
अटंग उपार्जन केंद्र का जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने किया शुभारंभ
इसी क्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने नवीन धान उपार्जन केंद्र अटंग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पौधरोपण किया और किसानों को केक खिलाकर शुभारंभ की खुशियां साझा कीं।
अटंग और भालुकोना के किसानों को दूरी और परिवहन खर्च से मिलेगी राहत
नए केंद्र से अटंग और आसपास के गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले अटंग के किसानों को धान बेचने के लिए भाठागांव समिति तक करीब 8 किलोमीटर और भालुकोना के किसानों को करीब 9 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। अब अटंग में ही खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों का समय, परिवहन खर्च और श्रम बचेगा।
1.31 लाख से अधिक किसानों के लिए खरीदी व्यवस्था
जिले में इस वर्ष 1 लाख 31 हजार 491 पंजीकृत किसानों के लिए धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।इनका कुल पंजीकृत रकबा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर है। नए केंद्रों की शुरुआत से विशेषकर छोटे और सीमांत किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही पुराने खरीदी केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा और खरीदी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, नापतौल मशीन, नमी मापक यंत्र, बारदाना, बिजली और सुरक्षित भंडारण जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।नजदीकी खरीदी केंद्रों की उपलब्धता से किसानों को आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी और उनकी खेती-किसानी के अन्य कार्यों के लिए समय भी बचेगा।

