मछली पालकों को बीमा प्रीमियम पर 40% तक प्रोत्साहन, अधोसंरचना के लिए 80% ऋण

NFDP पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना और FIDF से मिलेगा आर्थिक संबल

धमतरी। जिले में मत्स्य पालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने और मछली पालकों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना (PM-MKSSY) और मात्स्यिकी एवं जलीय अधोसंरचना विकास निधि (FIDF) संचालित की जा रही हैं।इनके माध्यम से बीमा प्रीमियम पर प्रोत्साहन और मत्स्य अधोसंरचना निर्माण के लिए ऋण सहायता दी जा रही है।मत्स्य पालन विभाग ने मछुआ सहकारी समितियों, मत्स्य किसान समूहों, स्व सहायता समूहों और निजी मत्स्य पालकों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफार्म (NFDP) पर नजदीकी लोक सेवा केंद्र के माध्यम से अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने की अपील की है।

बीमा प्रीमियम पर 40 प्रतिशत तक सहायता

प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के तहत एक्वाकल्चर इंश्योरेंस में निर्धारित बीमा प्रीमियम का 40 प्रतिशत तक प्रोत्साहन दिया जाता है। तालाब आधारित मत्स्य पालन के लिए अधिकतम 25 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर और एक किसान को चार हेक्टेयर तक के लिए अधिकतम एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला मत्स्य पालकों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाता है। बीमा में बाढ़, चक्रवात, प्रदूषण, सूखा और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान का जोखिम शामिल है।

मत्स्य अधोसंरचना के लिए 80 प्रतिशत तक ऋण

FIDF के तहत पात्र परियोजनाओं की कुल लागत का अधिकतम 80 प्रतिशत तक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस पर भारत सरकार द्वारा अधिकतम 3 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहायता का प्रावधान है। ऋण चुकाने की अवधि अधिकतम 12 वर्ष है, जिसमें मूलधन भुगतान के लिए दो वर्ष तक की मोहलत मिल सकती है।

हैचरी, कोल्ड स्टोरेज और फिश फीड मिल को मिलेगा बढ़ावा

योजना के तहत हैचरी, ब्रूड बैंक, फिश फीड मिल, आइस प्लांट, कोल्ड स्टोरेज, आधुनिक मछली बाजार, परिवहन एवं प्रसंस्करण इकाई, केज कल्चर, मत्स्य बीज फार्म, रोग निदान प्रयोगशाला और प्रशिक्षण केंद्र जैसी परियोजनाओं के लिए सहायता दी जाती है।इस योजना का लाभ मछुआ सहकारी समितियां, मत्स्य किसान एवं उत्पादक समूह, स्व सहायता समूह, निजी उद्यमी, कंपनियां और पात्र व्यक्तिगत मत्स्य किसान ले सकते हैं।अतः विभाग ने सभी पात्र हितग्राहियों से NFDP में पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *