

संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात, मातर पर्व को लेकर भी पुलिस अलर्ट
धमतरी। जिले में दीपावली, गौरा-गौरी विसर्जन एवं गोवर्धन पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान एसपी के निर्देशन में प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा विसर्जन मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई एवं असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। वहीं, गोवर्धन पूजा के दौरान भी पुलिस बल मुस्तैद रहा।जिले के विभिन्न गांवों में आयोजित होने वाले पारंपरिक मातर पर्व को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है तथा संबंधित थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पर्याप्त बल तैनात कर आयोजन स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है।वहीं धमतरी पुलिस ने नागरिकों से सभी पारंपरिक आयोजनों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।

