रंगों में उकेरी विकसित भारत की तस्वीर, 30 टीमों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता, पीजी कॉलेज धमतरी की टीम प्रथम

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं की रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों की 30 टीमों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, नवाचार, स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक विकास की कल्पना को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि तथा छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का अवसर देते हैं।

पीजी कॉलेज धमतरी प्रथम

प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज धमतरी की टीम ने प्रथम, गर्ल्स कॉलेज धमतरी की टीम ने द्वितीय तथा आंधी एवं नगरी महाविद्यालय की टीमों ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय महाविद्यालय मगरलोड की टीम को विशेष सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।रंग-बिरंगी एवं आकर्षक रंगोलियों से प्रतियोगिता स्थल जीवंत हो उठा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में शिक्षित, स्वच्छ, आत्मनिर्भर, सशक्त एवं विकसित भारत की परिकल्पना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रतियोगिता ने युवाओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का संदेश दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *