
सेवा संकल्प अभियान के तहत 30 हजार बालिकाओं एवं महिलाओं तक पहुंचेगा स्वास्थ्य-सफाई का संदेश
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ एवं बीएएएलए एनजीओ के संयुक्त प्रयास से करीब 30 हजार बालिकाओं एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों की जानकारी दी जाएगी।अभियान के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं की 15 हजार छात्राओं को स्कूलों, छात्रावासों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में जागरूक किया जाएगा। वहीं समुदाय स्तर पर 15 हजार महिलाओं तक भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाएगा। इस दौरान 30 हजार रियूजेबल पैड निःशुल्क वितरित किए जाएंगे तथा मासिक धर्म से जुड़ी झिझक और भ्रांतियों को दूर करने के साथ सही जानकारी, स्वच्छता और आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान का शुभारंभ अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में होगा।सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने कहा कि मासिक धर्म प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़े विषयों पर संकोच के बजाय सही जानकारी एवं सहज संवाद जरूरी है।

