ग्राम सभाओं से गांवों के विकास को मिलेगी नई दिशा

रिफॉर्म उत्सव में अधिकार, रोजगार और आजीविका पर जोर; 2 अक्टूबर से ग्राम पंचायतों में होंगे आयोजन

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांवों के विकास में जनभागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से 2 अक्टूबर से जन योजना अभियान (पीपल्स प्लान कैंपेन) के साथ रिफॉर्म उत्सव का शुभारंभ किया जा रहा है।जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार, आजीविका, ग्रामीण अधोसंरचना और उनके अधिकारों से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।रिफॉर्म उत्सव में विशेष रूप से विकसित भारत–जी राम जी योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी योजना पर फोकस रहेगा। इसका उद्देश्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों को विकास कार्यों की योजना और क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

125 दिनों के रोजगार की जानकारी

ग्राम सभाओं में ग्रामीण परिवारों को रोजगार की वैधानिक गारंटी, काम की मांग करने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारों की जानकारी दी जाएगी,एवं योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों द्वारा अकुशल श्रम की मांग करने पर प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के मजदूरी रोजगार का प्रावधान बताया जाएगा।रोजगार की मांग के बाद निर्धारित अवधि में काम उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पात्र श्रमिकों को नियमानुसार बेरोजगारी भत्ते के प्रावधान की जानकारी भी दी जाएगी।रिफॉर्म उत्सव के दौरान श्रमिकों को मजदूरी भुगतान की समयबद्ध व्यवस्था से भी अवगत कराया जाएगा।

रोजगार के साथ टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण

अभियान तहत रोजगार आधारित कार्यों के माध्यम से गांवों में जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका से जुड़ी परिसंपत्तियों और मौसम आधारित चुनौतियों से निपटने वाले स्थायी कार्यों को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे आज का श्रम गांव की दीर्घकालिक संपत्ति में परिवर्तित होगा।

ग्राम सभा तय करेगी विकास की प्राथमिकताएं

ग्राम सभाओं को गांव की स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच बनाया जाएगा, ग्रामीण यह तय करने में सहभागी होंगे कि गांव में जल संरक्षण, आजीविका, अधोसंरचना और अन्य आवश्यक कार्यों में किसे प्राथमिकता दी जाए।साथ ही सामाजिक अंकेक्षण, डिजिटल तकनीक और निगरानी व्यवस्था के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।

लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आजीविका के अवसर

रिफॉर्म उत्सव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी योजना को भी प्रमुखता दी जाएगी। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार, आयवर्धन और आजीविका गतिविधियों से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी। कृषि, पशुपालन, प्रसंस्करण, लघु उद्यम सहित स्थानीय गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रिफॉर्म उत्सव की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम सभाओं में पंचायत प्रतिनिधियों, श्रमिकों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं और ग्रामीणों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया है।रिफॉर्म उत्सव के दौरान जागरूकता गतिविधियों के फोटो, वीडियो एवं हितग्राहियों के अनुभव भी संकलित किए जाएंगे।

जनभागीदारी से विकसित गांव की ओर

रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य गांव के विकास को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रखकर ग्रामीणों की जरूरत, अधिकार और भागीदारी से जोड़ना है।रिफॉर्म उत्सव धमतरी जिले में ग्राम सभा को गांव की जरूरतों से विकास की योजना तक जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *