
पेयजल स्रोतों की जांच के साथ स्वास्थ्य टीमें करेंगी ग्रामीणों की जांच
धमतरी। जिले में लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। प्रभावित गांवों में पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ पेयजल स्रोतों की जांच भी कराई जाएगी।पेयजल की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा। वहीं, प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जरूरत के अनुसार पहुंचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करेंगी और आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराएंगी। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि बारिश और जलभराव के बीच नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

