
हैंड्स-ऑन गतिविधि में विद्यार्थियों ने खोजे कृषि समस्याओं के नवाचारी समाधान
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद में ‘सेवा फर्स्ट नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया गया,जिसमें करीब 120 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
हैंड्स-ऑन इनोवेशन गतिविधि
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण हैंड्स-ऑन इनोवेशन गतिविधि रही। विद्यार्थियों को 10-10 के समूहों में बांटकर कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं की पहचान, आइडिया डेवलपमेंट और उनके व्यावहारिक समाधान तैयार करने का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने समूह चर्चा के जरिए विभिन्न स्टार्टअप एवं एग्री-बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए एवं मार्गदर्शक डॉ. नवनीत राणा ने विद्यार्थियों को समस्याओं को अवसर में बदलने और नवाचारी विचारों को उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।वहीं जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के अधिकारियों ने एग्री-बिजनेस, स्टार्टअप, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।हैंड्स-ऑन गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, टीमवर्क, नेतृत्व और समस्या समाधान कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नवाचार को व्यावहारिक रूप देकर भविष्य में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

