धान की फसल में कीट-रोग प्रबंधन के लिए कृषि विभाग ने जारी की सलाह

लगातार बारिश के बीच किसानों को नियमित फसल निरीक्षण की अपील

धमतरी। लगातार बारिश और वातावरण में बढ़ी नमी को देखते हुए कृषि विभाग ने धान की फसल में संभावित कीट एवं रोग प्रकोप से बचाव के लिए किसानों को सामयिक सलाह जारी की है। जिले में इस वर्ष करीब 1.39 लाख हेक्टेयर में धान की खेती की गई है और अधिकांश फसल कंसे निकलने से बालियां आने की अवस्था में है।

कृषि विभाग ने दी सलाह

ऐसे में कृषि विभाग ने किसानों से प्रतिदिन खेत का निरीक्षण करने और कीट या रोग का प्रकोप दिखाई देने पर कृषि अमले अथवा कृषि वैज्ञानिकों की सलाह से तत्काल नियंत्रण उपाय अपनाने की अपील की है।वर्तमान मौसम में तना छेदक, भूरा फुदका, पत्ता लपेटक और पेनिकल माइट जैसे कीटों तथा ब्लास्ट और जीवाणु पत्ता झुलसा जैसे रोगों की निगरानी करने की सलाह दी गई है। प्रकोप की स्थिति में कृषि विभाग द्वारा अनुशंसित कीटनाशक एवं फूंदनाशक का ही निर्धारित मात्रा में उपयोग करने कहा गया है।विभाग ने कहा कि दवाओं का छिड़काव सुबह या शाम के समय करें तथा अत्यधिक नाइट्रोजन उर्वरक के उपयोग से बचें। किसी भी दवा का प्रयोग विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही करने की अपील की गई है तथा अधिक जानकारी के लिए किसान कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *