
साइबर अपराध, बाल विवाह, बाल श्रम और लैंगिक अपराधों से बचाव की दी जानकारी
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय, नगरी में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बाल अधिकार, साइबर अपराध, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी और लैंगिक अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।परियोजना समन्वयक नीलम साहू ने विद्यार्थियों को बच्चों से संबंधित कानूनों, गुड टच-बैड टच तथा सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग के बारे में समझाया एवं अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क, निजी जानकारी या फोटो साझा करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी।कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि संकटग्रस्त बच्चों को सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए यह 24 घंटे निःशुल्क सेवा संचालित है। किसी बच्चे के साथ हिंसा, शोषण, बाल विवाह या बाल श्रम की जानकारी मिलने पर 1098 या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देने की अपील की गई।इस दौरान POCSO अधिनियम 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015 और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर गिरधारी साहू, जिला महिला संरक्षण अधिकारी अनामिका शर्मा, मिशन शक्ति जिला मिशन समन्वयक प्रियंका गंजीर, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने अधिकारों, डिजिटल सुरक्षा और किसी भी प्रकार के शोषण अथवा हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने के प्रति जागरूक करना रहा।

