

दिव्यांग बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश, ग्रामीणों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन के तत्वावधान में ग्राम सोरम में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, गीत एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।एग्जैक्ट फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने नशामुक्ति पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक एवं गीत प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराया। बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित ग्रामीणों ने नशे का सेवन नहीं करने तथा परिवार और समाज को भी नशे से दूर रखने की शपथ ली।वहीं शासकीय श्रवण बाधित बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सामाजिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा ग्रामीणों को पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर ग्राम सरपंच, जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने नशामुक्त, स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया।

