धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा के लिए Dedicated Highways Surveillance Team गठित

राजमार्गों की नियमित निगरानी, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई और यातायात नियमों के पालन पर रहेगा विशेष जोर

संयुक्त सर्विलेंस टीम ने किया फील्ड निरीक्षण की गयी कार्रवाई

धमतरी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, राष्ट्रीय एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से Dedicated Highways Surveillance Team का गठन किया गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार गठित यह टीम जिले के राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों की नियमित निगरानी करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विभागीय समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।यह पहल परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के 19 जून 2026 के निर्देश तथा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा Suo Motu W.P. (Civil) No. 9 of 2025 (National Highway Safety) के अंतर्गत फलौदी (राजस्थान) एवं रगारेड्डी (तेलंगाना) में हुई सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है।कलेक्टर के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी के नेतृत्व में टीम द्वारा विभिन्न मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का फील्ड निरीक्षण भी किया गया तथा परिवहन विभाग (RTO), PWD, NHAI, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों पर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की आवाजाही, ओवरलोडिंग, तेज गति, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा अन्य संभावित जोखिमों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर रखे गए सामान, अस्थायी दुकानों, ढाबों एवं अन्य गतिविधियों से यातायात में होने वाली संभावित बाधाओं की भी जांच की गई एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई तथा वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की समझाइश दी गई।वहीं Dedicated Highways Surveillance Team द्वारा राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट, अनधिकृत कट, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे संचालित गतिविधियों, भारी वाहनों की आवाजाही, ओवरलोडिंग एवं तेज गति सहित दुर्घटना की संभावित परिस्थितियों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क की कमियों को दूर करने, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा अन्य सुधारात्मक एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सड़क सुरक्षा से संबंधित निरीक्षण एवं निगरानी की कार्रवाई सतत जारी रखें और दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान कर समयबद्ध रूप से आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *