कुरूद में बनेगा नवीन पशु चिकित्सालय भवन, स्टाफ क्वार्टर की भी होगी सुविधा

शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा , क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी ।

धमतरी। कुरूद में बेहतर एवं सुगम नए पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण के साथ ही विभागीय स्टाफ के लिए आवासीय क्वार्टर भी बनाए जाएंगे,इसके लिए 1.50 करोड़ ( डेढ़ करोड़) की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गयी है तथा जल्द ही निविदा प्रक्रिया की जा रही है
इसके लिए नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत गोठान की भूमि का चिह्नांकन किया गया है एवं प्रस्तावित स्थल पर आवश्यकतानुसार भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नया भवन बनने से पशुपालकों को आधुनिक एवं व्यवस्थित वातावरण में पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।इस संबंध में विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि “कुरूद क्षेत्र में पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण एक आवश्यक कदम है। इससे न केवल पशु चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।वहीं कलेक्टर ने बताया कि “प्रशासकीय स्वीकृति के बाद भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।उल्लेखनीय है कि कुरूद का पुराना पशु चिकित्सालय भवन वर्तमान में जर्जर स्थिति में है, जिसके कारण पशुपालकों एवं विभागीय कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में पशु चिकित्सालय का संचालन पुराने आईटीआई भवन में अस्थायी रूप से किया जा रहा है, जो अम्बेडकर भवन के पास स्थित है।नए पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण से पशुओं के उपचार, टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पशुपालकों को आवश्यक पशु चिकित्सा परामर्श जैसी सेवाओं के संचालन के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *