
पोटियाडीह में जेसीबी से बंद नाली खुलवाई, प्लाट चिन्हांकन के सीमेंट पोल हटाए
धमतरी। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और अवैध प्लाटिंग के लिए किए गए निर्माण एवं चिन्हांकन को हटाया।कार्रवाई के दौरान संबंधित भूमि के खसरा नंबर 773/3, 774/1, 772/1, 772/2 एवं 773/2 का निरीक्षण किया गया तथा प्लाटिंग के उद्देश्य से बंद की गई नाली को जेसीबी की सहायता से पुनः खुलवाया गया, ताकि प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो।साथ ही प्रस्तावित प्लाटों के सीमांकन एवं चिन्हांकन के लिए लगाए गए सीमेंट के पोल को भी उखाड़कर हटा दिया गया,इस कार्रवाई से मौके पर की जा रही अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगी,इस दौरान ग्राम पंचायत पोटियाडीह की सरपंच, उपसरपंच, तहसीलदार शिवेंद्र कुमार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कलेक्टर पहले भी अवैध प्लाटिंग के संबंध में चेताया है कि जिले में बिना सक्षम अनुमति के की जा रही अवैध प्लाटिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्थल निरीक्षण करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा अनधिकृत रूप से भूमि का प्लाटिंग कर विक्रय करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


