एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कृषि महाविद्यालय कुरूद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम

धमतरी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर, बालक एवं बालिका छात्रावास तथा परिसर की रिक्त भूमि में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा ने पौधारोपण कर किया,उनके द्वारा लगाया गया प्रथम पौधा मातृत्व के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण के संकल्प का प्रतीक बना। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।नवनीत राणा ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व के प्रति सम्मान और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को जोड़ने वाली एक भावनात्मक पहल है। प्रत्येक विद्यार्थी यदि एक पौधे को अपनी जिम्मेदारी मानकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है, इस पहल से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी बढ़ावा मिला।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *