महाविद्यालयों में अगस्त भर चलेंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने स्वीप कार्ययोजना के तहत विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन

ईसीआईनेट (ECINET) ऐप, मतदाता पंजीयन, संविधान एवं चुनावी प्रक्रिया पर दिए जाएंगे व्यावहारिक प्रशिक्षण

धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत अगस्त माह में व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।इस संबंध में कलेक्टर द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक महाविद्यालय में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।वहीं कार्यक्रमों में महाविद्यालयों के कैम्पस एम्बेसडर, प्रोफेसर नोडल अधिकारी (SVEEP) तथा ईएलसी के सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे,इस दौरान विद्यार्थियों को ECINET मोबाइल ऐप की उपयोगिता, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन की ऑनलाइन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण के लिए निर्धारित चार अर्हता तिथियां 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की जानकारी विस्तार से दी जाएगी। साथ ही भारत के संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं, निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर भी जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।साथ ही स्वीप कार्ययोजना के तहत महाविद्यालयों में परिचर्चा, निबंध प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, मॉक पोल, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, शपथ कार्यक्रम तथा अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा,जिसके माध्यम से युवाओं में जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता बनने की भावना विकसित की जाएगी तथा विद्यार्थियों को फर्जी समाचार (Fake News) एवं निर्वाचन संबंधी भ्रामक सूचनाओं की पहचान करने, तथा जिम्मेदारीपूर्वक सोशल मीडिया के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया जाएगा, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाया जा सके।अतः सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि अगस्त माह में आयोजित सभी मतदाता जागरूकता गतिविधियों का विस्तृत पालन प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में 5 सितंबर 2026 तक जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित किया जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *