सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज की दिशा में धमतरी पुलिस का बड़ा कदम,

एसपी के निर्देश पर थाना मगरलोड में जनप्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा एवं सत्यापन अभियान पर रणनीतिक बैठक आयोजित

गांव-गांव होगी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर, किरायेदार सत्यापन, होटल-लॉज चेकिंग एवं बाहरी व्यक्तियों की निगरानी के दिए गए स्पष्ट निर्देश

अवैध प्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेतु जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-1905

धमतरी। एसपी के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं नागरिक सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है,इसी के तहत थाना मगरलोड में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों एवं अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में कहा गया कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा प्रतिबद्धता है,जब पुलिस, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं बचता और कानून-व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं मजबूत होती है, इसी सोच के साथ ग्राम एवं वार्ड स्तर पर एक सशक्त सूचना तंत्र विकसित करने पर विशेष बल देते हुए सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निवासरत बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की अद्यतन जानकारी रखें, निवास प्रमाण-पत्रों का अभिलेख संधारित करें तथा प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराएं। साथ ही होटल, लॉज, धर्मशाला, राइस मिल, पोल्ट्री फार्म, फैक्ट्री एवं निर्माण कार्यों में कार्यरत बाहरी श्रमिकों एवं कर्मचारियों का भी अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।साथ ही फेरी वालों, घूमंतू साधुओं, बर्तन अथवा सोना चमकाने वाले व्यक्तियों सहित क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया गया। प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम में ऐसे संवेदनशील स्थानों (क्राइम हॉटस्पॉट) की पहचान कर वहां होने वाली अवैध शराब बिक्री, नशे का कारोबार, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों की जानकारी साझा करने पर भी विशेष बल दिया गया।वहीं बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे  अभियान की सराहना करते हुए पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने एवं पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *