भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व पर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन हेतु सदर मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बहुस्तरीय पार्किंग एवं विशेष यातायात व्यवस्था लागू, धमतरी पुलिस यातायात ने जारी किया विस्तृत रूट प्लान

पुलिस द्वारा वर्दी एवं सादे वस्त्रों में पुलिस बल,साइबर टीम और ड्रोन कैमरों से रहेगी कड़ी निगरानी

धमतरी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 16 जुलाई को प्रातः 9 बजे से रथयात्रा समाप्ति तक घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।इस अवधि में केवल आपातकालीन सेवाओं एवं अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, जिससे रथयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का आवागमन निर्बाध एवं सुरक्षित बना रहे।रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं,रथयात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है,साथ ही यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक बैरिकेडिंग, डायवर्जन, मार्ग संकेतक एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वर्दीधारी पुलिस बल के साथ-साथ सादे वस्त्रों में पुलिस अधिकारी- कर्मचारी, साइबर टीम तथा विशेष निगरानी दल को भी विभिन्न प्रमुख स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया है तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से संपूर्ण मार्ग एवं भीड़ वाले क्षेत्रों पर सतत निगरानी रखी जाएगी,ताकि संदिग्ध व्यक्तियों, चाकूबाजों, जेबकतरों, असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


धमतरी पुलिस एवं यातायात पुलिस समस्त श्रद्धालुओं, व्यापारियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से विनम्र अपील कि है की
● निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।
● प्रतिबंधित मार्गों पर चारपहिया वाहन लेकर प्रवेश न करें।
● भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा अकेला न छोड़ें।
● किसी भी प्रकार का धारदार, नुकीला अथवा प्रतिबंधित सामान अपने साथ लेकर न आएं।
● किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटस्थ पुलिस अधिकारी अथवा डायल-112 पर दें।
● किसी प्रकार की असुविधा या सहायता की आवश्यकता होने पर ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से तत्काल संपर्क करें,ताकि जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न किया जा सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *