

रुद्रेश्वर कॉरिडोर को जल्द मिलेगी रफ्तार, धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा धमतरी – नीलू शर्मा
धमतरी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने रुद्रेश्वर कॉरिडोर का स्थल निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की तथा धमतरी के प्राचीन एवं ऐतिहासिक रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।इस दौरान कलेक्टर ने पर्यटन मंडल अध्यक्ष को कॉरिडोर के लिए तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना से अवगत कराया।बताया कि प्रथम चरण में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, घाटों का विकास, नदी तट का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, पार्किंग, उद्यान विकास, बैठने की व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल तथा पर्यटकों की सुविधा के अनुरूप अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य किए जाएंगे,जिस पर नीलू शर्मा ने कार्ययोजना की सराहना करते हुए प्रथम चरण के सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।कहा कि रुद्रेश्वर कॉरिडोर के विकसित होने से धमतरी छत्तीसगढ़ के धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान प्राप्त करेगा,इससे स्थानीय रोजगार, पर्यटन आधारित गतिविधियों और जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।


