
जिले के 1.10 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
“दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार”
धमतरी। जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 28, 29 एवं 30 जून तक संचालित किया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.कौशिक तथा जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1 लाख 10 हजार 443 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले भर में 756 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जो आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित होंगे,इसके क्रियान्वयन के लिए 1,915 स्वास्थ्य एवं मैदानी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे प्लेटफॉर्म, ईंट भट्टों, कोयला भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों एवं अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 29 विशेष ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों की पहचान करेंगी तथा पोलियो की दवा पिलाने के साथ घरों का चिन्हांकन भी करेंगी।वहीं जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर निकटतम पोलियो बूथ में ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।


