
धमतरी। कभी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करने वाला नगरी विकासखंड का पंडरवाही ग्राम आज जल जीवन मिशन की बदौलत खुशहाली की नई इबारत लिख रहा है, इससे न केवल ग्रामीणों की दैनिक परेशानियां दूर हुई हैं, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार आया है।94 परिवारों वाले पंडरवाही गांव में वर्षों तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती थी। प्राकृतिक जल स्रोतों की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीणों, दूर-दराज के कुओं से पानी लाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ती थी,बाद में सौर ऊर्जा आधारित जल योजना शुरू की गई, लेकिन वह सभी परिवारों की जरूरतों को पूरी तरह पूरा नहीं कर सकी।गांव की निवासी सुपेन बाई और सुशीला बाई बताती हैं कि पहले दिन का बड़ा हिस्सा केवल पानी की व्यवस्था में बीत जाता था,लेकिन जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन मिलने के बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं,अब घर बैठे स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। समय की बचत होने से महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ आयवर्धक गतिविधियों में भी भाग ले रही हैं, वहीं बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाकर शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।
गांव की जलापूर्ति व्यवस्था के सुचारू संचालन में पंप ऑपरेटर की महत्वपूर्ण भूमिका है।जल जीवन मिशन का प्रभाव केवल पेयजल उपलब्धता तक सीमित नहीं है। गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है, स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ है और लोगों के स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। महिलाओं के श्रम में कमी आई है, बच्चों का भविष्य संवर रहा है और ग्रामीणों में बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ी है।


