
धमतरी। तेंदूपत्ता भंडारण स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिक्षेत्र केरेगांव के तेंदूपत्ता गोदाम कुकरेल में अग्नि सुरक्षा एवं अग्निशमन प्रशिक्षण सह प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन जिला यूनियन धमतरी के प्रबंध संचालक जाधव श्रीकृष्ण के निर्देशानुसार किया गया।कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के अनुभवी अधिकारी दिलीप निषाद एवं उनकी टीम ने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गोदाम प्रहरियों को आग से बचाव, आग लगने की संभावित परिस्थितियों,उपकरणों के उपयोग तथा आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर उनकी कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।टीम ने बताया कि गर्मी के मौसम में विद्युत शॉर्ट सर्किट, ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित भंडारण, खुली आग का उपयोग, बीड़ी-सिगरेट के अवशेष एवं लापरवाहीवश उत्पन्न चिंगारियां आगजनी की प्रमुख वजह बनती हैं।तेंदूपत्ता जैसे अत्यधिक ज्वलनशील वन उत्पाद के सुरक्षित भंडारण हेतु विशेष सतर्कता आवश्यक है।प्रशिक्षण के दौरान आग के विभिन्न वर्गों एवं उनसे निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।इस अवसर पर वाटर बेस्ड, फोम टाइप, कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂), एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर (DCP) एवं स्पेशल ड्राई पाउडर अग्निशामक यंत्रों के उपयोग एवं उनकी प्रभावशीलता का प्रदर्शन किया गया।अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया गया कि विभिन्न प्रकार की आग में उपयुक्त अग्निशामक यंत्र का चयन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है, इससे तेंदूपत्ता भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।


