
धमतरी। आगामी बारिश को देखते हुए नगर पालिक निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है।महापौर ने विभाग प्रभारी ,निगम अधिकारियों, स्वास्थ्य अमले और सुपरवाइजरों की बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बारिश शुरू होने से पहले सभी नालियों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए।
बैठक में शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, नालियों की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिस पर अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई का कार्य चल रहा है तथा अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद से अभियान को तेज किया जा रहा है।महापौर ने कहा कि बरसात के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बन सकती है,जलभराव की स्थिति से सड़कें प्रभावित होती हैं और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है,जिसे देखते हुए निगम प्रशासन को पहले से पूरी तैयारी करनी होगी।अतः निर्देशित किया कि शहर के सभी बड़े नालों, छोटी नालियों और जल निकासी मार्गों की विशेष सफाई कराई जाए ताकि बारिश का पानी बिना रुकावट निकल सके तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जवाबदेह बनाने नगर निगम द्वारा शहर को 8 जोन में विभाजित करने का निर्णय लिया गया है तथा प्रत्येक जोन में अलग-अलग जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा संबंधित पार्षद सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे एवं जनप्रतिनिधियों की निगरानी से वार्ड स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और कर्मचारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी,अधिकारियों से कहा कि हर जोन में नियमित निरीक्षण किया जाए और सफाई कार्य की प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए। जहां शिकायतें अधिक मिल रही हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।


