प्रदेश का सबसे बड़ा सैनिक स्कूल बनेगा धमतरी में, प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय गया

प्रदेश के युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर

धमतरी। जिले के लिए गौरव का विषय है कि यहां 500 सीटो की क्षमता वाला सैनिक स्कूल स्थापित करने का प्रस्ताव राज्य स्तर से अनुमोदित होकर मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस को प्रेषित कर दिया गया है। अब केंद्रीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया जारी है।यह प्रस्तावित सैनिक स्कूल के स्थापित होने पर धमतरी जिला पूरे प्रदेश में एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में उभरेगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह रायपुर संभाग का सबसे बड़ा सैनिक स्कूल होगा, जो आधुनिक सुविधाओं एवं उच्च स्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित रहेगा। मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस द्वारा शीघ्र ही संभावित स्थल का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थल का चयन कर आगे की औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।तत पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
इसकी स्थापना से जिले सहित आसपास के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। यहां छात्रों को अनुशासित वातावरण में शैक्षणिक, शारीरिक एवं नेतृत्व क्षमता के समग्र विकास का अवसर मिलेगा।यह संस्थान विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा जो भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने की इच्छा रखते हैं।इसके माध्यम से छात्रों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) एवं अन्य प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों में प्रवेश हेतु सुदृढ़ आधार मिलता है।इस पहल से क्षेत्रीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे जिले के समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।कलेक्टर ने कहा कि यह जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध होगी।जिला प्रशासन इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहा है, ताकि मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।यह संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण एवं अनुशासित शिक्षा प्रदान करेगा, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। इसके स्थापना से धमतरी जिला शिक्षा के क्षेत्र में एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा और यहां के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्राप्त होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *