

संयुक्त नृत्य प्रस्तुतियों में युवाओं की ऊर्जा, तालमेल और पारंपरिक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
धमतरी। पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय “युवा फेस्ट-2026” का दूसरा दिन उत्साह, रंग और सांस्कृतिक उमंग से सराबोर रहा।छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी धुनों पर लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को एक नई ऊंचाई प्रदान की।विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।वहीं ढोल-मांदर की थाप पर प्रस्तुत किए गए लोक नृत्यों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी,जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ता गया।इस दौरान न केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं, बल्कि युवाओं की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव भी नजर आया।यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने और आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बना।पहले दिन भी एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था,जिसमें प्रतिभागियों की अभिव्यक्ति, भाव-भंगिमा और प्रस्तुति की मौलिकता ने सभी को प्रभावित किया और भरपूर सराहना मिली।


