
नहर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा: कलेक्टर मिश्रा
धमतरी। कलेक्टर ने फुटहामुड़ा नहर से प्रभावित ग्राम माकरदोना, मोहलई, पथर्रीडीह, छुही एवं साल्हेभाट के कृषकों की बैठक लेकर समस्याएं सुनीं तथा परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।इस दौरान लाभान्वित कृषक भी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने कहा कि यह परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी। बैठक में कृषकों ने मुआवजा भुगतान में विलंब, भूमि अधिग्रहण से संबंधित समस्याएं एवं निर्माण कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों को प्रमुखता से रखा।जिस पर कलेक्टर ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश दिए।साथ ही आश्वस्त किया कि किसानों के हितों की रक्षा करते हुए परियोजना को शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।वहीं कार्यपालन अभियंता,ने जानकारी दी कि सिलयारी डायवर्सन वियर एवं फुटहामुड़ा नहर निर्माण हेतु प्रारंभिक स्वीकृति 17.56 करोड़ रुपये की थी, जिसे संशोधित करते हुए वर्तमान में 73.94 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त है।इस परियोजना से 1940 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी, जिससे कुकरेल क्षेत्र के 22 ग्राम सीधे लाभान्वित होंगे।वर्तमान में नहर निर्माण कार्य प्रगति पर है,इस परियोजना के तहत विभिन्न संरचनाओं का निर्माण एवं नहर लाइनिंग कार्य निर्धारित समय-सीमा 4 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाएगा।


